
झाबुआ। इन दिनों त्यौहारों का सीजन चल रहा है। आगामी दिनों में धनतेरस, दीपावली, भाईदूज जैसे बड़े त्यौहार भी आ रहे है, इससे पूर्व ही जिला थोक उपभोक्ता भंडार में गैस टंकियों की किल्लत से उपभोक्ता काफी परेशान हो रहे है। भंडार प्रबंधन द्वारा बुकींग काउंटर के बाहर शटर पर गैस टंकीयां नहीं होने की सूचना चस्पा कर दी गई। जिसके चलते उपभोक्ताओं को भंडार कार्यालय से निराश होकर ही लौटना पड़ रहा है।
इस संबंध में भंडार प्रबंधन से चर्चा करने पर कंपनी से ही गैस टंकीयां नहीं आने की बात कहीं जा रहीं है। जिसका कारण त्यौहारों के सीजन में गैस टंकीयों का मांग अधिक बढ़ना भी बताया जा रहा है। पिछले 3-4 दिनों से जिला थोक उपभोक्ता भंडार के नेहरू मार्ग स्थित कार्यालय पर पहुंचने पर उपभोक्ता निराश होकर ही लौट रहे है। पूर्व में जहां भंडार प्रबंधन द्वारा गैस टंकी की मोबाईल से ऑनलाईन बुकींग करने पर अगले दिन ही उपभोक्ताओं को टंकी उपलब्ध हो जाती थी, वहीं अब उपभोक्ताओं को टंकी की ऑनलाईन एवं बुकींग काउंटर पर एक सप्ताह पूर्व बुकींग करवाने के बाद टंकी घरों तक नहीं पहुंच पा रहीं है। जिसके कारण उपभोक्ताओं द्वारा भंडार में संपर्क करने पर भंडार प्रबंधन द्वारा काउंटर की शटर पर टंकी का वाहन आगे से नहीं आने पर टंकी वितरण कार्य बंद है, की सूचना चस्पा कर दी गई है।
ब्लैक में या दूसरी कंपनी की टंकीयां खरीदना पड़ रहीं
जिला थोक उपभोक्ता भंडार से विगत 8-10 दिनों से एलपीजी गैस टंकीयां नहीं मिलने की स्थिति में उपभोक्ताओं को इमरजेंसी में बाजार से ब्लैक मंें अधिक दामों में टंकी खरीदना पड़ रहा है या फिर उपभोक्ता दूसरी कंपनी की टंकी खरीदने के साथ खाली टंकी ले जाकर बाजार में गैस दुकानों पर टंकी रिफिलिंग करवाने को विवश हो रहे है। एक अनुमान के मुताबिक भंडार में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों की 400-500 गैस टंकीयों की बुकींग पेडिंग हो गई है। अभी धनतेरस, दीपावली और भाईदूज पर्व नजदीक है, ऐसे में अभी से ही गैस टंकीयों की किल्लत उपभोक्ताओं के लिए खासी परेशानी का कारण बन रहीं है। वहीं व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की भी किल्लत की बात भंडार प्रबंधन की ओर से कहीं जा रहीं है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए भंडार के प्रबंधक श्री राठौर से मोबाईल से संपर्क करने पर उन्होंने मोबाईल रिसीव नहीं किया।
