सुठालिया। क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। ग्राम रतनपुरिया में रविवार को झूलते हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आने से तीन भैंसों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि यह हादसा उस समय हुआ जब ग्राम रतनपुरिया निवासी माखन पिता लक्ष्मी नारायण की भैंसें चर रही थीं और अचानक नीचे झूल रहे बिजली के तार से स्पर्श हो जाने पर तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इनकी कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुठालिया क्षेत्र के रतनपुरिया, अमरगढ़ और खंडिया सहित कई गांवों में लंबे समय से हाईटेंशन लाइन के तार और पोल काफी नीचे झुके हुए हैं। इस संबंध में कई बार विद्युत वितरण कंपनी को शिकायतें की गईं, लेकिन अभी तक कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। लगभग एक वर्ष पूर्व ग्राम अमरगढ़ खंडिया में भी इसी तरह झूलते तार की चपेट में आने से एक भैंस और एक बकरी की मौत हो चुकी है।
घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग को सूचित किया।
इस संबंध में जेई शितेष गुप्ता ने बताया कि तार टूटने की जानकारी प्राप्त होते ही संबंधित लाइन की सप्लाई को डिस्कनेक्ट कर बंद कर दिया गया है। जल्द ही लाइन को दुरुस्त और व्यवस्थित किया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही तारों को ठीक नहीं किया गया तो वे विद्युत वितरण कंपनी के खिलाफ सामूहिक विरोध दर्ज कराएंगे।
