
उज्जैन। बाइक और लोडि़ंग पिकअप में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, दूसरा गंभीर घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रूईगढ़ा में उज्जैन की ओर से जा रही पिकअप और उन्हेल की ओर से आ रही बाइक के बीच भिड़ंत हो गई। बाइक पर 2 युवक सवार थे। दोनों गंभीर घायल हो गये थे। दुर्घटना के बाद चालक पिकअप छोडक़र भाग निकला था। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। बाइक सवार घायलों को चरक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद एक को मृत घोषित कर दिया। घायल ज्ञगेश शर्मा निवासी खाचरौद होना सामने आया। पूछताछ करने पर मृतक का नाम अभिषेक पिता राधेश्याम सेन 25 साल खाचरौद पता चला। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दी। प्रधान आरक्षक हितेश कटारा ने बताया कि पिकअप को मौके से जप्त कर मर्ग कायम किया गया है। चालक भाग निकला था। बुधवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान परिजनों ने बताया कि अभिषेक हेयर सेलून की दुकान संचालित करता था और दोस्त के साथ महाकाल दर्शन करने उज्जैन आ रहा था।
