इंदौर: सदर बाजार थाना क्षेत्र में युवक से मारपीट के आरोप का मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक पुलिसकर्मी पर मारपीट का आरोप लगाता नजर आ रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवक शराब के नशे में था और वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया था.
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस ने गोपाल जाटव निवासी अरविंदो लोटस पार्क के पास को शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा और वाहन जब्त कर थाने ले आई.
देर रात करीब डेढ़ बजे गोपाल जाटव अपनी बुजुर्ग मां और दो बच्चों के साथ थाने पहुंचा. आरोप है कि वह थाने के अंदर पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाने लगा. पुलिस के अनुसार, जब उसे ऐसा करने से रोका गया तो उसने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाने लगा. वायरल वीडियो में युवक और पुलिसकर्मियों के बीच बहस दिखाई दे रही है. एक पुलिसकर्मी गुस्से में युवक की ओर बढ़ता है, तभी मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी उसे रोक लेती है.
बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मी मनोज यादव है. युवक के पिता बालकिशन जाटव पुलिस विभाग से एएसआई पद से सेवानिवृत्त हैं. पुलिस ने गोपाल जाटव के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है. वहीं युवक की ओर से पुलिस पर अभद्रता और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है.
