सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर में रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना बुधवार रात को होना बताई गई है।मालूम हुआ है कि उत्तर प्रदेश के बांदा जिला के बदौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भुसासी निवासी पिंटू उपाध्याय पिता नौमत उपाध्याय (40) कोलगवां थाना क्षेत्र में वार्ड नंबर 13 आदर्श नगर नई बस्ती में सुखेंद्र सोनी के मकान में किराएदार था।
वह यहां रश्मि कुशवाहा, सूरज कुशवाहा, आकाश कुशवाहा एवं अपनी मां तुलसी देवी के साथ रहता था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक 6 जनवरी को तुलसी देवी अपनी बहन के यहां चली गईं थीं। 7 जनवरी की शाम घर में पिंटू उपाध्याय, रश्मि कुशवाहा और सूरज थे शाम करीब 7 बजे आकाश जेल रोड नई बस्ती में अपने दोस्त नितिन साकेत के घर चला गया था। रात करीब 10 बजे आकाश जब वापस आया तो उसने देखा कि आंगन के दरवाजे के पास पिंटू उपाध्याय चादर में ढका पड़ा था, उसके सिर और चेहरे से खून बह रहा था, वह बोल नहीं रहा था।
पिंटू उपाध्याय को इस हालत में देखने के बाद आकाश कुशवाहा ने अपने दोस्त नितिन साकेत के भाई मुरली को खबर देकर बुलाया। मुरली ऑटो रिक्शा लेकर आया। इसी रिक्शे से रश्मि कुशवाहा और सूरज कुशवाहा पिंटू उपाध्याय को लेकर जिला अस्पताल गए, जहां डॉक्टर ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। पिंटू उपाध्याय की मौत हो जाने की जानकारी मिलने पर आकाश कुशवाहा अपने दोस्त नितिन साकेत उर्फ पीहू एवं उसके भाई मुरली साकेत के साथ कोलगवां थाने गया, वहां उसने घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 3 पंजीबद्ध किया। सूत्र बताते हैं कि प्रकरण में उप निरीक्षक विजय सिंह जांच विवेचना कर रहे हैं। घटना की वजह और आरोपी अज्ञात हैं, हालांकि संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ हो रही है।
एक नहीं, कई चोट हैं
सूत्र बताते हैं कि पिंटू उपाध्याय की दांई कनपटी के पास गहरा घाव था। इसी के नजदीक दूसरी चोट थी। उसके माथे में भी दाहिनी तरफ चोट थी। गर्दन में नाखून जैसी खरोच के निशान थे। बाई आंख के ऊपर भी चोट थी। घटना के समय उसके शरीर में फुल शर्ट, इसके नीचे एक टी-शर्ट और नीला पैंट थे। कपड़ों में खून लगा था। बताते हैं कि पिंटू उपाध्याय के दाहिने हाथ में अंग्रेजी से लाल बाबू लिखा था, उसकी कलाई में धागे थे।
यह महिला कौन है
पिंटू उपाध्याय के साथ रहने वाली महिला रश्मि कुशवाहा कौन है, इस बारे में पुलिस विस्तृत जानकारी जुटा रही है। आकाश ने पुलिस को बताया है कि रश्मि का विवाह संतोष कुशवाहा के साथ हुआ था। वह मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर का रहने वाला था। सूरज और आकाश उसी के बेटे हैं। आकाश ने पुलिस को बताया है कि उसकी मां रश्मि की पिंटू उपाध्याय के साथ दूसरी शादी हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सवाल यह है कि आकाश शाम करीब 7 बजे घर से गया तब सब ठीक था। तकरीबन 3 घंटे बाद जब वह वापस आया तो स्थिति सामान्य नहीं थी। इन तीन घंटे में आखिर क्या हुआ। पिंटू उपाध्याय को इतनी घातक चोट कैसे आई कि उसके प्राण निकल गए। चर्चा है कि उसके चेहरे और सिर में ईट पत्थर जैसी चोट हैं हालांकि धारदार चीज से चोट पहुंचाए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। इसीलिए पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट मिलने के बाद साफ हो जाएगा कि पिंटू उपाध्याय को चोट कैसे पहुंची और किस चोट ने उसकी जान ली है।
