
रीवा। रीवा शहर में 36 घंटे हुई बारिश के बाद बाढ़ के हालात बन गये है, चारो तरफ पानी ही पानी है. सुबह समान थाना अन्तर्गत संजय नगर में शासकीय स्कूल में पानी भर गया. नगर निगम का अमला जेसीबी लेकर पानी निकासी के लिये नाली बनाने का काम शुरू किया. उसी समय जमीन के नीचे से निकली एलपीजी गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई. जिसके बाद गैस निकलना शुरू हो गई और आग भडक़ उठी. देखते ही देखते आग की लपटो ने विकराल रूप धारण कर लिया. आग के बढ़ते ही मोहल्ले में हडकम्प मच गया और आनन-फानन इसकी सूचना पुलिस और दमकल को दी गई. मौके पर दमकल आग बुझाने पहुंचा, जिसके बाद आईओसीएल को इसकी जानकारी दी गई. मौके पर पहुंची टीम ने गैस पाइप लाइन को सुधारने का काम किया, तब जाकर लोगो ने राहत की सांस ली. करीब आधे घंटे तक आग की तेज लपटे उठती रही. समय पर गैस को बंद कर आग पर काबू पा लिया गया नही तो आग की लपटो की चपेट में विद्युत लाइन के केबिल आ जाती. दरअसल बगल से विद्युत लाइन गुजरी है. आग बढ़ रही थी समय पर काबू न पाते तो केबिल जल जाती.
