सतना: बाल्टियों में पानी भरकर ऊपरी मंजिलों तक पहुंचाने को मजबूर छात्र, पीने के पानी के लिए बाहर से बोतलें खरीदते रेजिडेंट डॉक्टर और बार-बार फटती पाइपलाइन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सतना में गहराए जल संकट के खिलाफ गुरुवार को छात्रों और रेजिडेंट डॉक्टरों का आक्रोश खुलकर सामने आया. जल आपूर्ति न होने से परेशान छात्रों ने मेडिकल कॉलेज परिसर और कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया इसके साथ ही समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गई.
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज परिसर में पिछले कई दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है . और अब पाइपलाइन फटने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई, जिस के कारण हॉस्टल में रहने वाले सैकड़ों छात्र, रेजिडेंट डॉक्टर और उनके परिवार वालों को मूलभूत आवश्यकताओं के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है . महाविद्यालय में पढ़ने वाले प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों ने बताया कि पानी की कमी को पूरा करने के लिए संस्थान से संबंधित कर्मचारियों द्वारा पानी का टैंकर उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन 10 मंजिला महाविद्यालय की ऊपरी मंजिलों तक पानी ले जाना बड़ी समस्या बना हुआ है छात्रों के अनुसार पीने के पानी के लिए भी बाहर से बोतलें खरीदनी पड़ रही हैं.
इसके साथ ही छात्रों ने बताया कि इस संबंध में 4 मई के दिन कॉलेज प्रबंधन को लिखित आवेदन भी सौंपा गया था.आवेदन में स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों ने उल्लेख किया कि मुख्य पाइपलाइन बार-बार फटने के कारण पिछले कई दिनों से जल संकट बना हुआ है. छात्रों के अनुसार पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से दैनिक जरूरतें प्रभावित हो रही हैं और कई बार सीढ़ियों के सहारे पानी ऊपर तक पहुंचाना पड़ रहा है.आवेदन में जल्द स्थायी समाधान की मांग की गई थी लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया.
इस पूरे मामले में महाविद्यालय प्रबंधन ने स्वीकार किया कि परिसर की पाइपलाइन की गुणवत्ता खराब हो चुकी है, जिसके कारण वह बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है.प्रबंधन की ओर से बताया गया कि पाइपलाइन बदलने और स्थायी समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दिया गया है.इस संबंध में कलेक्टर से भी चर्चा की जा चुकी है और आवश्यक स्वीकृति के लिए आवेदन दिया गया है.
प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत करा दी गई है लेकिन पुरानी पाइपलाइन के कारण भविष्य में दोबारा समस्या उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है.
समस्या से जूझ रहे 650 लोग
मेडिकल कॉलेज के छात्रों और रेजिडेंट डॉक्टरों ने बताया कि इंटरनल पाइपलाइन फूटने के कारण पूरे परिसर में पानी की सप्लाई ठप हो गई है. बीते शुक्रवार रात से पानी नहीं आ रहा, हालात ऐसे हैं कि लोगों को बाल्टियों में दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जबकि पीने के लिए बाहर से बोतलबंद पानी खरीदना मजबूरी बन गया है. गौरतलब है कि कॉलेज परिसर में करीब 650 लोग इस जलसंकट से प्रभावित हैं. इनमें 450 से अधिक छात्र-छात्राएं और रेजिडेंट डॉक्टर हैं, जबकि करीब 200 परिवार भी इसी परिसर में रहते हैं.
