अबु धाबी, 13 सितम्बर (वार्ता) शमीम हुसैन (नाबाद 42), जाकेर अली (नाबाद 41) और कप्तान लिटन कुमार दास (28) की जूझारू पारियों के दम पर बंगलादेश ने शनिवार को एशिया कप के ग्रुप बी मुकाबले में श्रीलंका को जीत के लिए 140 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां श्रीलंका के कप्तान चरित असालंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने मात्र 11 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। तंजिद हसन और परवेज हसन इमॉन बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गये। इसके बाद मोहम्मद तोहिद हृदोय (आठ) रनआउट हुये। ऐसे संकट के समय कप्तान लिटन कुमार दास ने महेदी हसन के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। आठवें ओवर में हसरंगा ने मेहदी हसन (नौ) को पगबाधा कर श्रीलंका को चौथी सफलता दिलाई। बंगलादेश का पांचवां विकेट लिटन कुमार दास (28) के रूप में गिरा। इसके बाद शमीम हुसैन और जाकेर अली ने छठे विकेट लिए 61 गेंदों में 86 रनों की अविजित साझेदारी कर बंगलादेश को निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 139 रनों का स्कोर तक पहुंचाया। शमीम हुसैन 34 गेंदों में (नाबाद 42), जाकेर अली ने 34 गेंदों में (नाबाद 41) रनों की पारी खेली।
श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा ने दो विकेट लिये। नुवान तुषारा और दुष्मंता चमीरा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
