
छतरपुर। जिले के बंसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम व्यास बदोरा में जहरीला पदार्थ सेवन करने से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ग्राम निवासी अखिलेश अहिरवार के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अखिलेश अहिरवार ने अज्ञात कारणों के चलते किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल चंदला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की हालत और बिगड़ गई और अंततः उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। शनिवार, 3 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने किन परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
