
झाबुआ. झाबुआ जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की वास्तविक स्थिति की जांच कर पात्रतानुसार गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त विकास निगम की भगवान बिरसा मुंडा योजना के तहत श्री सुरेश पारगी को भारतीय स्टेट बैंक, आजाद चौक झाबुआ के माध्यम से 2 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया।
ग्राम भूराडाबरा के अनिल कटारा ने जल जीवन मिशन के तहत भूराडाबरा और राछवा में नल कनेक्शन का कार्य अधूरा होने तथा पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होने की शिकायत की। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मेघनगर निवासी शांति पाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान निर्माण में ठेकेदार द्वारा अनुबंध का पालन नहीं करने, काम अधूरा छोड़ने और भुगतान लेने के बाद निर्माण बंद करने की शिकायत की। वहीं, ग्राम सुरडिया के आवेदकों ने कृषि भूमि के सीमांकन की मांग रखी।
ग्राम पंचायत हात्यादेली ने पिछले चार माह से सचिव का पद रिक्त होने के कारण पंचायत कार्यों और ग्राम सभा के आयोजन में आ रही परेशानियों को बताते हुए सचिव की नियुक्ति की मांग की। इसके अलावा गोपालपुरा में फसल नुकसान व धमकी और मलवान में गिरवी रखे सोने-चांदी के आभूषण वापस नहीं करने संबंधी शिकायतें भी सामने आईं।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि जनसुनवाई नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को आवेदनों का संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बिना अनावश्यक देरी के उपलब्ध कराना चाहिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
