इंदौर: धार में जल संसाधन विभाग का एक अमीन पट्टा स्वीकृत कराने के नाम पर रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त इंदौर की टीम के हत्थे चढ़ गया। आरोपी को 10 हजार रुपए लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है, जबकि वह कुल 30 हजार रुपए की मांग कर रहा था।उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान ने बताया कि ग्राम आमला निवासी दयाराम पटेल ने शिकायत की थी कि तालाब की खाली जमीन पर खेती के पट्टे के लिए उसने जल संसाधन विभाग धार में पदस्थ अमीन राज दिनकर से संपर्क किया था। पट्टे की फीस जहां 5 से 7 हजार रुपए है, वहीं आरोपी अमीन ने काम कराने के एवज में 30 हजार रुपए की रिश्वत मांग ली।
आवेदक रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय से की। शिकायत की जांच उप पुलिस अधीक्षक स्तर से कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 31 मार्च को ट्रैप दल गठित कर कार्रवाई की गई। योजना के मुताबिक आरोपी ने आवेदक को धार बुलाया। कार्यालय में अवकाश होने के कारण आवेदक ने उसे प्रकाश नगर स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया, जहां पहले से लोकायुक्त की टीम तैनात थी। जैसे ही आरोपी ने 10 हजार रुपए अपने दाहिने हाथ में लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
