रीवा: वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध खनिज भंडारण और परिवहन के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई तेज कर दी गई है. विभागीय जानकारी के अनुसार जांच के दौरान अवैध रूप से खनिज भंडारण पाए जाने पर पांच स्टोन क्रेशरों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं. इनमें त्रिमूर्ति स्टोन क्रेशर, राधे स्टोन क्रेशर, सत्यम स्टोन क्रेशर, पीएनबी स्टोन क्रेशर सहित अन्य इकाइयाँ शामिल हैं.
इसके अतिरिक्त एक वाहन को बिना वैध ट्रांजिट पास (टीपी) के गिट्टी का परिवहन करते हुए पकड़ा गया है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. विभाग द्वारा बताया गया है कि पर्यावरण मानकों एवं खनिज नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त दल समय-समय पर निरीक्षण कर रहा है तथा आवश्यकतानुसार कारण बताओ नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं.
अधिकारियों का कहना है कि अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर नियंत्रण के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
