
भोपाल। गांधीनगर थाना क्षेत्र के पतंजलि परिसर में पूर्व प्रेमिका और उसके भाई पर फायरिंग करने वाले बीएचएमएस डॉक्टर नवीन रुहेला के अब तक बयान नहीं हो सके हैं। पुलिस बयान लेने अस्पताल पहुंची थी, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी हालत बयान देने लायक नहीं बताई। इसके चलते पुलिस उसे अभी हिरासत में नहीं ले सकी है और उसकी गिरफ्तारी भी अटकी हुई है।
जांच में पुलिस को नवीन के कमरे से शराब और बीयर की खाली बोतलें मिली हैं। आशंका है कि वारदात से पहले उसने दोस्तों के साथ शराब पार्टी की थी और नशे की हालत में पिस्टल लेकर पूर्व प्रेमिका के घर पहुंचा। फायरिंग के बाद वह अपने कमरे में लौट आया और पिस्टल को बीयर की खाली बोतलों के साथ कचरे के ढेर में छिपा दिया। पुलिस ने काफी तलाश के बाद पिस्टल बरामद कर ली है। हालांकि, नवीन के बयान नहीं होने से यह पता नहीं चल पाया है कि पिस्टल उसे कहां से मिली।
प्रेमिका के इनकार पर चलाई थी गोली
पुलिस के अनुसार नवीन और डॉक्टर श्वेता ठाकुर के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों करीब डेढ़ साल साथ रहे, लेकिन छह महीने पहले अलग हो गए थे। मंगलवार रात नवीन श्वेता को दोबारा संबंध बनाने के लिए मनाने उसके घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान श्वेता के इनकार करने पर विवाद हुआ और नवीन ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके माथे को छूकर निकल गई। बीच-बचाव करने आए उसके भाई आशुतोष पर भी उसने फायर कर दिया। गोली उसके पेट और सीने को छूती हुई निकल गई।
फायरिंग के बाद खुदकुशी की कोशिश
वारदात के बाद नवीन घर पहुंचा और तीसरी मंजिल पर फंदा लगाकर खुदकुशी की कोशिश की। पड़ोसी ने उसे देख लिया और समय रहते नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे और देशी पिस्टल जब्त की है। युवती और उसके भाई के बयान के आधार पर नवीन के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस उसके बयान के साथ पिस्टल के स्रोत और वारदात से पहले हुई बातचीत की जांच कर रही है।
