ग्वालियर: शहर के लश्कर क्षेत्र स्थित दही मंडी में एक बेजुबान कुत्ते को पीट-पीटकर मार डालने का मामला सामने आया है। पशु सेविका की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बावन पायगा (नई सड़क, लश्कर) निवासी पशु सेविका बबीता शर्मा (45) ने थाना कोतवाली में उपस्थित होकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे उन्हें सूचना मिली कि चेला जी का अखाड़ा, दही मंडी लश्कर में एक कुत्ता मृत अवस्था में पड़ा है।
जब वे मौके पर पहुंचीं, तो देखा कि एक काले रंग का कुत्ता जमीन पर मृत पड़ा था और उसके सिर से खून बह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों एवं मौके पर मौजूद रश्मि साहनी के अनुसार, आरोपी पंकज रस्तोगी ने बेजुबान कुत्ते की बेदर्दी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायतकर्ता की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पंकज रस्तोगी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच प्रधान सिपाही सतेंद्र सिंह तोमर (क्र. 2098) को सौंपी गई है।
