
छतरपुर। पुलिस महकमा अपराधियों को पकड़ने में तो माहिर है ही, लेकिन रविवार को छतरपुर एसपी ऑफिस में खाकी का एक अलग ही रूप देखने को मिला। यहाँ पुलिस परिसर में एक विशालकाय ‘घोड़ा पछाड़’ सांप घुस आने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि विभाग के ही एक जांबाज प्रधान आरक्षक ने समय रहते मोर्चा संभाला और सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
पेड़ के बिल में जा छिपा था शिकारी
घटना की शुरुआत तब हुई जब प्रधान आरक्षक प्रवीण त्रिपाठी की नजर मुख्य गेट के पास रेंगते हुए एक सांप पर पड़ी। उन्होंने फौरन इसकी सूचना विभाग के ‘स्नेक एक्सपर्ट’ माने जाने वाले प्रधान आरक्षक और ड्राइवर अयूब खान को दी। मौके पर पहुँचने पर पता चला कि सांप एक पेड़ के खोखले बिल में जाकर छिप गया है।
लोहे की छड़ और अनुभव का तालमेल
सांप पकड़ने में माहिर अयूब खान ने बिना डरे लोहे की छड़ की मदद से सावधानीपूर्वक ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को बिल से बाहर निकाला और सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। बाद में इसे शहर से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया, जिसके बाद पुलिस स्टाफ और वहां मौजूद फरियादियों ने राहत की सांस ली।
शौक भी और सेवा भी: 100 से ज्यादा सांप पकड़ चुके हैं अयूब
रेस्क्यू के बाद अयूब खान ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी के दौरान अब तक 100 से अधिक सांपों का रेस्क्यू कर चुके हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पकड़ा गया सांप ‘घोड़ा पछाड़’ प्रजाति का था। यह सांप न केवल जहरीला होता है, बल्कि अपनी पूंछ से भी वार करता है, जिससे संक्रमण का बड़ा खतरा रहता है।
जंगल से सटा इलाका बना वजह
एसपी ऑफिस के पास पहाड़ी और वन क्षेत्र होने के कारण अक्सर यहाँ वन्यजीव रिहाइशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। ऑफिस स्टाफ का कहना है कि आज छुट्टी का दिन होने के कारण भीड़ कम थी, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
