
भोपाल। राजधानी के शाहपुरा क्षेत्र में सोमवार शाम साढ़े छह बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक कार चालक की चलती गाड़ी में ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को कथित तौर पर अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके चलते उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कार शाहपुरा प्रशासन अकादमी के पास सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे से टकराने के बाद रुक गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कार के पास पहुंचकर चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हृदयाघात की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। खबर लिखें जाने तक चालक के संबंध में जानकारी हासिल नहीं हो पाई थी।
