
भोपाल: राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने शनिवार को राजधानी के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर “आई लव इंडिया देश सर्वोपरि” शीर्षक से एक सांकेतिक जनजागरूकता अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में “आई लव इंडिया” लिखे पोस्टर थामकर नागरिकों से अपील की कि धार्मिक कट्टरता को नकारते हुए राष्ट्रीय एकता, भाईचारा और संवैधानिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा जाए।
एनएसयूआई के प्रदेश सचिव अमन पठान ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता और गंगा-जमुनी संस्कृति है। उन्होंने कहा, “हमें धर्म, जाति और भाषा से ऊपर उठकर देश को सर्वोपरि मानना होगा। कट्टरपंथी सोच समाज को तोड़ती है, जबकि हमारा अभियान लोगों को जोड़ने का संदेश देता है।”
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश महासचिव इंजीनियर संजय मिश्रा ने कहा कि देश तभी मजबूत होगा जब हर नागरिक सुरक्षित और सम्मानित महसूस करेगा। उन्होंने कहा, “इस तरह की सकारात्मक पहल समाज को सही दिशा देती हैं। युवाओं की यह कोशिश नफरत की राजनीति को चुनौती देगी।”
इस अवसर पर नबील असलम, वंश कनोजिया, सुभाष यादव, शुभम शर्मा, फैज़ल पठान और अभिषेक सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रेम, एकता और भाईचारे को भारत की असली पहचान बताया।
