
ब्यावरा। राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित चंदरपुरा गांव में गुरुवार दोपहर खेत में मोटर का बिजली कनेक्शन जोड़ते समय 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई.करंट लगने के बाद युवक तार से चिपक गया. आसपास मौजूद लोगों ने उसे अलग कर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. चंदरपुरा निवासी जगदीश पिता हरिसिंह सोंधिया खेत में मोटर चलाने के लिए बिजली के तार जोड़ रहे थे. इसी दौरान अचानक करंट प्रवाहित होने से वह तार की चपेट में आ गए. हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तार से अलग किया. इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें ब्यावरा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा – सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की. अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. जगदीश विवाहित थे. उनके एक बेटा और एक बेटी हैं. वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे. देहात थाना प्रभारी प्रवीण जाट ने बताया कि चंदरपुरा में युवक की करंट लगने से मौत हुई है. मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है.
