
भोपाल। गणेश चतुर्थी के अवसर पर जी. पी. बिड़ला संग्रहालय, भोपाल में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पवन कुमार डालमिया, निदेशक डाक सेवाएँ (मुख्यालय) भोपाल ने किया।
प्रदर्शनी में सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशगण योगेश गुप्ता और उमेश गुप्ता के समृद्ध संग्रह से भगवान गणेश के विविध स्वरूप आकर्षण का केंद्र बने। इसमें मंडला डिंडोरी क्षेत्र की गोंड आर्ट, मधुबनी पेंटिंग, चितेरा आर्ट, नारियल से निर्मित गणेश, अष्टविनायक प्रतिमाएँ, स्टोन आर्ट, विदेशी डाक टिकट, सिक्के व नोटों पर अंकित गणेश और 3D आर्ट में प्रस्तुत विघ्नहर्ता के अनोखे रूप शामिल हैं।
साथ ही हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी शैली के शिव परिवार के छायाचित्र, राजा रवि वर्मा एवं एम. एफ. हुसैन के चित्रों के छायाचित्र, सब्जियों व सुपाड़ी से बने गणेश, अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों की पेंटिंग्स, मायादेवी गुप्ता आर्ट गैलरी की सूक्ष्म धातु प्रतिमाएँ तथा गणेश पुराण में वर्णित 32 प्रकार के गणपति भी प्रदर्शित किए गए हैं।
यह अनोखी प्रदर्शनी कला, संस्कृति और आस्था का संगम प्रस्तुत कर दर्शकों को आकर्षित कर रही है।
