
छतरपुर। रविवार दोपहर ग्राम सरानी के लोगों ने बिजली की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही बिजली कटौती और विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से वे बेहद परेशान हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी समाधान न होने पर आज ग्रामीण छत्रसाल चौक स्थित विद्युत विभाग पहुंचे।
ग्रामीण कौशल प्रताप सिंह का आरोप है कि 3 दिन से बिजली गुल है और जब विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने उनकी बात सुनने से इंकार कर दिया, तो मजबूर होकर उन्होंने दोपहर 12:30 बजे सड़क पर जाम लगा दिया। जाम लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बिजली कंपनी के अधिकारी गजेंद्र चौरसिया ने बताया कि गांव में 30-40 लोगों ने ही बिल जमा किया है। 112 लोगों पर साढ़े 7 लाख रुपए बकाया है। अभी रात में बिजली सप्लाई खोल दी गई है। सरपंच से इस विषय पर चर्चा कर गांव में विद्युत कैंप लगाकर समस्या का समाधान किया जाएगा।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया है और विभागीय अधिकारियों को भी समस्या समाधान के लिए निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
