इंदौर: शहर में आपसी रंजिश और छोटे विवाद अब खतरनाक मोड़ लेते जा रहे हैं. हाल के दिनों में सामने आए मामलों में गाड़ी जलाने, जहरीला इंजेक्शन लगाने और बम फिंकवाने जैसी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें आरोपियों ने सुपारी देकर वारदात करवाई. पुलिस रिकॉर्ड में ऐसे चार मामले सामने आने के बाद इस ट्रेंड ने चिंता बढ़ा दी है.ताजा मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र का है, जहां विजयनगर में रहने वाले कपिल चौहान की कार में आग लगाने के मामले में पुलिस ने मनीषा अग्रवाल और अजय चौहान को गिरफ्तार किया.
जांच में सामने आया कि बेटे की सगाई टूटने से नाराज महिला ने 15 हजार रुपए में कार जलाने की सुपारी दी थी. आरोपी ने पहले फरियादी की बाइक चोरी की और उसी से जाकर कार में आग लगा दी. इससे पहले सराफा क्षेत्र में एक युवती को जहरीला इंजेक्शन लगाकर भागने का मामला सामने आया था. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि युवती के पुराने प्रेमी ने 30 हजार रुपए में यह वारदात करवाई थी.
इसी तरह चंदननगर में प्रॉपर्टी विवाद के चलते रिक्शा में बैठे व्यक्ति को इंजेक्शन लगाया गया, जिसमें 20 हजार रुपए की सुपारी दी गई थी. एक अन्य मामला परदेशीपुरा क्षेत्र में भी कुछ समय पहले एक घर के बाहर देसी बम फेंकने की घटना हुई थी. बाद में पता चला कि रंजिश के चलते बाहरी लोगों को सुपारी देकर वारदात करवाई गई थी. हालांकि पुलिस ने इन सभी मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने साफ कर दिया है कि शहर में अब छोटी छोटी रंजिशों में भी सुपारी देकर अपराध करवाने का ट्रेंड बढ़ रहा है.
