दिल्ली में 1500 घाटों पर होगा छठ महापर्व का आयोजन: सचदेवा

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली सरकार आगामी छठ महापर्व के लिये राजधानी में अनेक स्थानों पर 1500 कृत्रिम घाटों का निर्माण कर रही है।

दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेखा गुप्ता सरकार ने यमुना तट के अलावा दिल्ली में 1500 घाटों पर छठ पूजा की व्यवस्था की है। इनमें 23 विशाल घाट यमुना तट पर रहेंगे। इसके साथ ही लगभग 1300 कृत्रिम घाट विकसित किए जा रहे हैं और जनता की मांग पर 200 अन्य कृत्रिम घाट बनाने के लिए भी स्थान चिह्नित किये गये हैं।

श्री सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार छठ पर्व की तैयारी पूरी मुस्तैदी के साथ कर रही है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा की तैयारी और स्वच्छता को केवल दिल्ली सरकार या दिल्ली नगर निगम पर नहीं छोड़ा जायेगा और दिल्ली नगर निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह स्वच्छता सफाई सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा के नेतृत्व में कार्यकर्ता सभी घाटों पर महा सफाई अभियान चलायेगें।

उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी सांसद, विधायक, पार्षद, वरिष्ठ पदाधिकारी विभिन्न घाटों पर निरंतर दौरा कर दिल्ली सरकार के इस आयाेजन को सफल बनाने में सहयोग देंगे।

Next Post

यमुना तट पर सत्रह मॉडल छठ घाट बनाया जा रहा : रेखा गुप्ता

Wed Oct 22 , 2025
नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में छठ पर्व को भव्य रूप से मनाने के लिए यमुना तट पर पल्ला से कालिंदी कुंज के बीच 17 मॉडल छठ घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। श्रीमती गुप्ता ने आज यहां […]

You May Like