
सिंगरौली। बहुप्रतीक्षित भोपाल धनबाद एवं भोपाल चोपन ट्रेनों का कल 24 फरवरी दिन मंगलवार को शुभारंभ होने जा रहा है। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव तथा म.प्र. के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस ट्रेन को भोपाल रेलवे स्थानक पर हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष कांत देव सिंह, मंत्री राधा सिंह, विधायक गण रामनिवास शाह, राजेंद्र मेश्राम, कुंवर सिंह, विश्वामित्र पाठक समस्त जन इस ट्रेन के शुभारंभ पर मौजूद रहेंगे तथा सांसद इसी ट्रेन से सवार होकर सिंगरौली तक आयेंगे। लोकसभा क्षेत्र के समस्त स्टेशनों जैसे व्यौहारी, मड़वास, सरई में भाजपा के कार्यकर्ताओं तथा आम जनों द्वारा सांसद का अभिवादन किया जायेगा तथा बरगवां मे रेल के आगमन पर कार्यक्रम की तैयारी की गई हैं, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह के नेतृत्व में जिले भर से आये कार्यकर्ता, पदाधिकारी तथा आम नागरिक इस रेल का अभिवादन करेंगे। सांसद ने कहा कि सिंगरौली के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी हो गई है तथा इस रेल के प्रारंभ हो जाने से सिंगरौली से भोपाल के लिए प्रतिनिधि रेल मिल गई है, जो अपने आप में बहुत ही बड़ी उपलब्धि है। सांसद इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री एवं रेलमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है तथा सम्पूर्ण लोकसभा की और से उनका धन्यवाद ज्ञापित किया है।
