
बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल और छिंदवाड़ा जिलों में युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देकर करीब 40 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। इस गिरोह का सरगना बिहार के पटना से गिरफ्तार किया गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि इस गैंग ने कई राज्यों में युवाओं को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगा है।
पुलिस के अनुसार, बैतूल जिले में ही 27 लाख रुपए की ठगी की गई और छिंदवाड़ा जिले में भी 13 लाख रुपए की ठगी की गई। आरोपियों ने खुद को सरकारी विभागों से जुड़ा बताते हुए लोगों को रेलवे, महिला एवं बाल विकास, वन विभाग, पोस्ट ऑफिस और बैंक जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्रों में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। सेलेक्शन लिस्ट, मेडिकल और इंटरव्यू जैसे बहाने बनाकर लंबे समय तक पीड़ितों को भ्रम में रखा गया।
गंज थाना क्षेत्र में एक शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने उसकी पत्नी को एडीपीओ बनाने का वादा कर 27 लाख रुपये ले लिए। रकम अलग-अलग खातों में जमा करवाई गई, लेकिन बाद में पता चला कि नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज फर्जी हैं।
मुख्य आरोपी मानव उर्फ आशीष कुमार को पटना से पकड़ा गया है। पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया है। भोपाल निवासी उसका साथी अभिजीत उर्फ वेदप्रकाश सहित अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने अब तक 5 लाख रुपए नकद और मोबाइल बरामद किए हैं। अन्य राज्यों में भी ठगी की आशंका जताई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
