
खजुराहो। मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी खजुराहो में लंबे समय के बाद हवाई कनेक्टिविटी बहाल होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइन 26 अक्टूबर से दिल्ली और वाराणसी से खजुराहो के लिए नियमित उड़ानें शुरू करेगी। इस नई सेवा से न केवल पर्यटन क्षेत्र में तेजी आने की उम्मीद है, बल्कि स्थानीय व्यवसाय और रोजगार पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
वाराणसी-खजुराहो रूट पर उड़ान केवल 55 मिनट में खजुराहो पहुंचेगी। उड़ान का समय दोपहर 1:10 बजे वाराणसी से प्रस्थान और 2:05 बजे खजुराहो आगमन के रूप में निर्धारित किया गया है। किराया स्थिर रखा गया है और पहले दिन 26 अक्टूबर को 2570 रुपए रहेगा।
दिल्ली-खजुराहो रूट पर उड़ान की अवधि 1 घंटे 15 मिनट है। विमान सुबह 10:00 बजे दिल्ली से उड़ान भरेगा और 11:15 बजे खजुराहो पहुंचेगा। पहले पांच दिनों के लिए किराया 6561 से लेकर 2989 रुपए तक तय किया गया है।
यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो का पर्यटन मुख्य रूप से यूरोपीय और पूर्वी एशियाई देशों के पर्यटकों पर निर्भर है। नियमित हवाई कनेक्टिविटी की कमी के कारण विदेशी पर्यटक कम आ पा रहे थे। इस नई उड़ान सेवा से स्थानीय होटल, ट्रैवल एजेंट और व्यवसायों को लाभ मिलने की संभावना है।
