
बालाघाट जिले की लालबर्रा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत गणेशपुर में शासकीय राशि के दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है। सरपंच हेमंत कटरे, तत्कालीन सचिव नूरेंद्र बघेल और रोजगार सहायक सुरेश कटरे पर नियम विरुद्ध भुगतान और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता मजहर अली की शिकायत पर जनपद पंचायत की टीम ने 8 सितंबर को जांच की, जिसमें कुर्सियों की खरीद पर गंभीर धांधली पाई गई।
जांच रिपोर्ट में पाया गया कि पांचवें वित्त आयोग की राशि से खरीदी गई सीमेंट कुर्सियां बाजार मूल्य से दोगुने दाम पर खरीदी गईं और इन्हें सार्वजनिक स्थलों की बजाय मंदिरों और श्मशान घाटों पर लगाया गया, जो नियम के खिलाफ है। साथ ही, सचिव नूरेंद्र बघेल ने बिना प्रभार ग्रहण किए ही 2.91 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। जांच दल ने सरपंच और तत्कालीन सचिव से 2.77 लाख रुपये की वसूली योग्य माना है।
शिकायतकर्ता मजहर अली का कहना है कि दोषियों की सेवा समाप्त कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि अन्य पंचायतें सबक ले सकें। अब देखना यह होगा कि विभागीय अधिकारी वसूली के साथ-साथ कठोर दंडात्मक कदम उठाते हैं या नहीं।
