शहरी सहकारी बैंकों के डिजिटल कामकाज में तेज़ी लाने के लिए समझौता

मुंबई, 25 सितंबर (वार्ता) शहरी सहकारी बैंकों ( यूसीबी) के मंच राष्ट्रीय शहरी सहकारी वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड (एनयूसीएफडीसी) ने शहरी सहकारी बैंकिंग क्षेत्र के डिजिटल परिवर्तन को तेज़ करने के लिए सीएससीई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
एनयूसीएफडीसी की यहां गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस साझेदारी का उद्देश्य शहरी सहकारी बैंकों को सुरक्षित और अनुपालन योग्य डिजिटल बुनियादी ढाँचे से लैस करना है। यह काम चरणबद्ध तरीके से लागू किया जायेगा और इसकी शुरुआत आधार-आधारित ई-केवाईसी, ई-साइन, डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाणपत्र, डिजिलॉकर एकीकरण, ई-स्टाम्प सेवाएँ, क्लाउड होस्टिंग, डेटा सेंटर प्रबंधन और साइबर सुरक्षा समाधानों से होगी। इसके बाद के चरणों में इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग, कियोस्क-आधारित सेवाएँ और डिजिटल संचार प्लेटफ़ॉर्म शुरू किए जाएँगे।
विज्ञप्ति के अनुसार एनयूसीएफडीसी अपने सदस्य शहरी सहकारी बैंकों में इसे अपनाने में मदद करेगा, जबकि सीएससीई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड अपना प्लेटफ़ॉर्म,एपीआई और परिचालन सहायता प्रदान करेगी।
इस समझौते के तहत एक संयुक्त शासन दल कार्यान्वयन और क्षमता निर्माण की देखरेख करेगा। इस समझौते में प्रशिक्षण, अनुपालन सहायता, शिकायत निवारण और डेटा सुरक्षा उपाय भी शामिल हैं, जिसमें यूसीबी के भीतर संस्थागत प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए लागू नियामक मानदंडों के साथ तालमेल बिठाने पर ज़ोर दिया गया है।
एनयूसीएफडीसी के सीईओ प्रभात चतुर्वेदी और सीएससीई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (सीएससी एसपीवी) के समूह अध्यक्ष भगवान पाटिल की उपस्थिति में इस समझौता ज्ञापन पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किये गये हैं।
श्री चतुर्वेदी ने कहा, “शहरी सहकारी बैंकिंग क्षेत्र को अपनी विरासत के साथ-साथ डिजिटल युग में भी कदम रखने की आवश्यकता है। यह सहयोग शहरी सहकारी बैंकों को आधुनिकीकरण और लचीलेपन के पथ पर मजबूती से स्थापित करेगी।”
सीएससी एसपीवी के समूह अध्यक्ष भगवान पाटिल ने कहा, “सीएससी एसपीवी की डिजिटल रीढ़, एनयूसीएफडीसी के संस्थागत अधिदेश के साथ मिलकर, शहरी सहकारी बैंकों (यूसीबी) के परिवर्तन के लिए एक शक्तिशाली तकनीकी मंच तैयार करने वाली है।”

Next Post

शेयर बाजारों में लगातार पांचवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 556 अंक लुढ़का

Thu Sep 25 , 2025
मुंबई, 25 सितंबर (वार्ता) विदेशी निवेशकों की बिकवाली और अमेरिका के साथ जारी व्यापार तनाव की चिंता में घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार पांचवें दिन गिरावट रही और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 555.96 अंक (0.68 प्रतिशत) लुढ़ककर 81,159.68 […]

You May Like