पदयात्रा कर मैहर जा रहे श्रद्धालु को बेलगाम ट्रक ने रौंदा, मौत

सतना : चित्रकूट-सतना मार्ग शहर से सटे पशुपतिनाथ मंदिर के सामने बुधवार तडक़े रोंगटे खड़े कर देने वाला सडक़ हादसा सामने आया. बेलगाम ट्रक ने सडक़ पर मौजूद 4 गोवंश को कुचलने के बाद पैदल जा रहे युवक को भी रौंद दिया. मृतक युवक अपने घर से लगभग 120 किमी की पदयात्रा करते हुए मैहर स्थित मां शारदा धाम जा रहा था.प्राप्त जानकारी के अनुसार काल बनकर सडक़ पर दौड़ रहा ट्रक बुधवार भोर में लगभग 4 बजे जैसे ही चित्रकूट सतना मार्ग पर शहर से सटे पशुपतिनाथ मंदिर के सामने पहुंचा.

वैसे ही उसने सडक़ पर मौजूद 4 गोवंश को कुचल दिया. गोवंश को कुचलने से अनियंत्रित हुआ ट्रक वहीं पर नहीं रुका. इसके बाद उसने सडक़ किनारे पैदल जा रहे एक युवक को भी अपनी चपेट में ले लिया. बताया गया कि ट्रक की चपेट में आने के कारण युवक का घड़ अलग हो गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इसके बावजूद भी ट्रक चालक वहां पर रुकने के बजाए वाहल लेकर मौके से भाग निकला. काफी देर बाद जब कुछ राहगीर वहां से गुजरे तो हृदय विदारक दृश्य देखते हुए फौरन ही घटना की सूचना डायल 112 पर दी.

जिसके कुछ समय बाद सिविल लाइन थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई. दुर्घटना में मृत हुए गोवंश को किनारे करवाने के बाद मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया. वहीं पुलिस द्वारा दुर्घटनाकारित करने वाले वाहन के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. गौरतलब है कि उक्त मार्ग पर पशुपतिनाथ मंदिर से लेकर लवडेल स्कूल तक के हिस्से को जिला प्रशासन द्वारा पहले से ही ब्लैक स्पॉट घोषित किया जा चुका है.
  निकला था परंपरा निभाने
सडक़ दुर्घटना में घायल युवक की पहचान गुलशन द्विवेदी पिता अरुण उम्र 25 वर्ष निवासी मारकुण्डी चित्रकूट उप्र के तौर पर हुई. चाचा विनय द्विवेदी के अनुसार गुलशन का परिवार पिछले 10 वर्षों से लगातार नवरात्रि के अवसर पर लगभग 120 किमी की पदयात्रा करते हुए मैहर पहुंचता रहा है. इसी कड़ी में गुलशन भी अपने परिवार की परंपरा को निभाते हुए मारकुण्डी क्षेत्र में विराजीं मां दुर्गा को प्रणाम करने के बाद मैहर की पैदल ओर जा रहा था. हलांकि जत्थे में लगभग 30 लोग सम्मिलित थे. लेकिन अन्य लोग 5-10 किमी आगे-पीछे चल रहे थे. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया.

Next Post

ग्रामीणों ने बांध में उतरकर मुआवजा मांगा

Thu Sep 25 , 2025
शिवपुरी: लोअर परियोजना के तहत दिदावनी गांव के ग्रामीण नहर खुदने का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर नहर के पानी में उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि नहर टूटने से गांव बह सकता है। प्रशासन के मुताबिक कुछ लोगों को नहर के टूटने […]

You May Like