नयी दिल्ली, 24 सितम्बर (वार्ता ) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग-139डब्ल्यू के 4-लेन साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड पर हाइब्रिड एन्युइटी मोड पर 78 किलोमीटर सड़क के निर्माण की मंजूरी दी है।
सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति की बुधवार को यहां हुई बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस फैसले के तहत एनएच-139डब्ल्यू के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को 4-लेन का बनाया जाएगा। इस परियोजना की कुल लंबाई 78.942 किलोमीटर है और इसमें कुल 3,822.31 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
श्री वैष्णव ने बताया कि इस परियोजना से लगभग 14.22 लाख दिन का प्रत्यक्ष रोजगार और 17.69 लाख मानव दिवस का अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होगा। प्रस्तावित कॉरिडोर के आसपास के क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी और अतिरिक्त रोजगार के अवसर भी सृजित हों सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रस्तावित चार-लेन ग्रीनफील्ड परियोजना का उद्देश्य राज्य की राजधानी पटना और बेतिया के बीच संपर्क को बेहतर बनाना है। इससे उत्तर बिहार के वैशाली, सारण, सीवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिले, भारत-नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों तक जुड़ जाएंगे। इससे कृषि तथा औद्योगिक क्षेत्रों और सीमा पार व्यापार मार्गों से संपर्क में सुधार होगा तथा क्षेत्रीय आर्थिक विकास को सुगम बनाया जा सकेगा। परियोजना के निर्माण से सात पीएम गति शक्ति आर्थिक नोड्स, छह सामाजिक नोड्स, आठ लॉजिस्टिक नोड्स, नौ प्रमुख पर्यटन और धार्मिक केंद्रों को जोड़ेगी जिससे केसरिया बुद्ध स्तूप (साहेबगंज), सोमेश्वरनाथ मंदिर (अरेराज), जैन मंदिर और विश्व शांति स्तूप (वैशाली) और महावीर मंदिर (पटना) सहित प्रमुख विरासत और बौद्ध पर्यटन स्थलों तक की पहुंच में सुधार होगा। इससे बिहार के बौद्ध सर्किट और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन क्षमता को मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एनएच-139डब्ल्यू की योजना वैकल्पिक मार्गों को उच्च गति कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए बनाई गई है और यह एनएच-31, एनएच-722, एनएच-727, एनएच-27 और एनएच-227ए के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क के रूप में काम करेगा। यह 100 किमी घंटा रफ्तार की डिजाइन गति के लिए बनाया गया है लेकिन वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा की औसत गति से चलने की अनुमति रहेगी। इससे साहेबगंज और बेतिया के बीच कुल यात्रा समय, मौजूदा विकल्पों की तुलना में 2.5 घंटे से घटकर 1 घंटा रह जाएगा। साथ ही यात्री और मालवाहक वाहनों के लिए सुरक्षित, तेज और निर्बाध कनेक्टिविटी भी मिलेगी।

