बीकानेर 24 सितंबर (वार्ता) राजस्थान के बीकानेर को गुरुवार को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलेगी। बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने बुधवार को यहां बताया कि बीकानेर क्षेत्र के निवासियों विशेषकर व्यापारी वर्ग की काफी समय से राजधानी और शताब्दी जैसी ट्रेन चलाने की मांग की और उनकी यह कल उस समय पूरी हो जाएगी, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बांसवाड़ा में आयोजित होने वाले समारोह में बीकानेर- दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभी तक बीकानेर से दिल्ली के बीच सबसे तीव्र रफ्तार से चलने वाली ट्रेन एक मात्र दुरंतो एक्सप्रेस है, जिससे सफर करने पर सात घंटे 25 मिनट समय लगता, जबकि वंदे भारत एक्सप्रेस महज छह घंटे 15 मिनट में बीकानेर से दिल्ली पहुंचा देगी। इस तरह से यात्रियों के 70 मिनट समय बचेंगे और उन्हें आरामदायक और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यात्रा का अनुभव मिलेगा।
श्री गोविल ने बताया कि आम लोग कल शुरू होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस से 28 सितंबर से यात्रा कर सकेंगे। बीकानेर पर्यटन के लिहाज से काफी सम्पन्न है। कई किले हैं, जिसे देखने के लिए काफी संख्या में लोग आते रहते हैं और थार रेगिस्तान भी महज 50 किलोमीटर की दूरी पर है। उन्होंने बताया कि बीकानेर- दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू हो जाने के इस क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

