दोहा, 20 सितंबर (वार्ता) लगभग आठ महीने तक तालिबान द्वारा हिरासत में रखे गए एक ब्रिटिश दंपत्ति को आखिरकार रिहा कर दिया गया और कतर पहुँचने के बाद वे अपनी बेटी से भावुक होकर मिले। उन्होंने एक-दूसरे को गले लगाया।
बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार लगभग दो दशकों से अफगानिस्तान में रह रहे पीटर रेनॉल्ड्स (80) और उनकी पत्नी बार्बी (76) एक फरवरी को जब अपने घर लौट रहे थे, तब उन्हें रोक लिया गया।
दंपति को शुक्रवार सुबह कतर की मध्यस्थता के माध्यम से रिहा कर दिया गया और बाद में वे दोहा पहुँचे जहाँ उनकी बेटी सारा एंटविसल ने उनसे मुलाकात की। हवाई अड्डे की इमारत की ओर साथ-साथ चलने से पहले उन्होंने एक-दूसरे को गले लगाया।
अफगानिस्तान के बामियान प्रांत में लंबे समय से रहने के बावजूद चिकित्सा जाँच के बाद वे ब्रिटेन जाएँगे।
तालिबान ने कहा कि दंपत्ति ने अफगान कानून तोड़े थे और न्यायिक कार्यवाही के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया लेकिन उन्होंने उनकी नज़रबंदी का कारण कभी नहीं बताया।
दोहा पहुँचने के तुरंत बाद श्रीमती रेनॉल्ड्स ने कहा कि “यहाँ आकर बहुत अच्छा लगा”। इस जोड़े को कतर और ब्रिटिश प्रतिनिधियों का अभिवादन करते भी देखा गया।
परिवार ने कतर के मध्यस्थों के “अटूट समर्थन” के साथ-साथ ब्रिटिश सरकार के कूटनीतिक प्रयासों और अमेरिका एवं संयुक्त राष्ट्र के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
पीटर और बार्बी रेनॉल्ड्स ने 1970 में काबुल में शादी की थी और पिछले 18 वर्षों से एक धर्मार्थ प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रहे हैं, जिसे स्थानीय तालिबान अधिकारियों ने 2021 में सशस्त्र समूह द्वारा सत्ता में वापसी के बाद मंजूरी दी थी।
