भोपाल:सबलगढ़ जिला मुरैना के एसडीएम अरविन्द माहौर को गंभीर शिकायतों के चलते तत्काल निलंबित कर दिया गया है। उन पर एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने और नियमों को दरकिनार कर पटवारियों के तबादले करने के आरोप लगे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए तुरंत निलंबन के आदेश जारी किए।
सीएम ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर यह जानकारी दी कि जनसेवा में आचरण की मर्यादा से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चंबल संभाग के कमिश्नर को एसडीएम माहौर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। मुख्यमंत्री का सख्त रुख यह संदेश देता है कि प्रदेश में किसी भी अधिकारी-कर्मचारी द्वारा अनुशासनहीनता, महिला के प्रति अभद्रता या नियमविरुद्ध कार्यवाही को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
