मुंबई, 19 सितंबर (वार्ता) मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की पहली निर्मित फ़िल्म गुस्ताख़ इश्क़, 21 नवंबर को रिलीज होगी।
फ़िल्म गुस्ताख इश्क ,मनीष मल्होत्रा की महत्वाकांक्षी परियोजना है। इस फ़िल्म में शानदार कलाकारों की टोली है, जिनमें विजय वर्मा, फातिमा सना शेख और नसीरुद्दीन शाह शामिल हैं, जो दर्शकों को एक अनोखी मोहब्बत की दुनिया में ले जाएंगे।
हाल ही में फ़िल्म का पहला गीत ‘ऊलजलूल इश्क़’ रिलीज़ हुआ है, जिसने श्रोताओं के दिल छू लिए हैं। इस गाने में विशाल भारद्वाज की रूहानी धुनें, गुलज़ार के बेमिसाल बोल, ऑस्कर विजेता रसूल पोकुट्टी की अद्भुत साउंड डिज़ाइन और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिल्पा राव एवं पापोन की सुमधुर आवाज़ें शामिल हैं।
निर्देशक विभु पुरी द्वारा रचित गुस्ताख़ इश्क़ ,कुछ पहले जैसा पुरानी दिल्ली की तंग गलियों और पंजाब की ढलती हवेलियों के बीच पनपती एक अनकही मोहब्बत और चाहत की संवेदनशील कहानी है।
अपने भाई दिनेश मल्होत्रा के साथ इस फ़िल्म का निर्माण करते हुए, मनीष मल्होत्रा न सिर्फ़ निर्माता के रूप में अपनी नई यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं, बल्कि भारतीय सिनेमा में क्लासिक कहानी कहने की परंपरा को एक नए अंदाज़ में आगे बढ़ा रहे हैं।

