बैतूल: कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह मंगलवार को बैतूल पहुंचे। उन्होंने आदिवासियों की पहचान और धर्म को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा पूरी तरह संकुचित है। यह पार्टी न तो संविधान समझती है और न ही भारत की असली परंपरा को। भाजपा आदिवासियों को वनवासी बताकर उनकी अस्मिता मिटाना चाहती है, जबकि सच यह है कि भारत की सबसे पुरानी आबादी आदिवासियों की रही है।
दिग्विजय सिंह ने कहा हम सब तो सेंट्रल एशिया से आए हैं, असली हक और पहला अधिकार तो आदिवासियों का ही है। वे प्रकृति के पूजक हैं और संविधान उन्हें अपनी आस्था के अनुरूप धर्म पालन का पूरा अधिकार देता है। फिर भाजपा क्यों आलोचना करती है।पूर्व सीएम ने साफ कहा कि धर्म परिवर्तन अगर आस्था और स्वप्रेरणा से होता है तो अपराध नहीं है, लेकिन जबरदस्ती या प्रलोभन से धर्मांतरण स्वीकार्य नहीं। भाजपा इस मुद्दे को सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए उठाती है।
