इंदौर:नेहरू नगर में तीन साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई. दोपहर से लापता बच्चा घर की हौज में डूबा मिला. परिजन और मोहल्ले वाले करीब पांच घंटे तक उसे ढूंढते रहे, लेकिन शाम सात बजे जब हौज में झांका गया तो अंदर उसका शव पड़ा था.राऊ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक रोहित पिता दिलीप पांचाल घर के आगे वाले कमरे में खेल रहा था. इसी दौरान पानी निकालने के लिए छह फीट गहरी हौज कुछ देर के लिए खुली रह गई.
आशंका है कि खेलते समय रोहित उसमें गिर गया. जब काफी देर तक बच्चा नजर नहीं आया तो छोटी बहू ने उसकी तलाश शुरू की. मोहल्ले में पूछताछ की गई, मोबाइल पर परिचितों को भी खबर दी गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. बाद में घर के ही आंगन में बने हौज में देखा गया तो मासूम का शव मिला. पुलिस ने बताया कि रोहित के पिता मजदूरी करते हैं.
घर के अन्य सदस्य भी काम पर गए थे, जबकि दो बहुएं घर पर थीं. परिजनों ने पुलिस को बताया कि जब रोहित महज एक साल का था तभी उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी. इसके बाद से वह पिता के साथ ही रह रहा था. दिलीप ने कुछ माह पहले दूसरी शादी की है. परिवार मूल रूप से बांक टाडा इलाके का रहने वाला है. मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
