त्यौहार में अशांति पैदा करने वालों पर हो कठोर कार्यवाही

जबलपुर: दुर्गोत्सव, पंजाबी दशहरा, विजयदशमी और दीपावली के त्यौहारों पर व्यवस्थाओं को लेकर शांति समिति की बैठक पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्‍याय की अध्‍यक्षता में मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में संपन्न हुई। शांति समिति की बैठक में सदस्यों ने त्यौहारों के दौरान संवदेनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, पेयजल और प्रकाश के समुचित इंतजाम करने, विद्युत की निर्वाह आपूर्ति सुनिश्चित करने, जुलूस मार्गों के रखरखाव, बिजली के झूलते तारों को व्‍यवस्थित करने, धार्मिक स्‍थलों और विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा एवं साफ-सफाई तथा यातायात की पुख्ता व्यवस्था के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिये।

समिति के सदस्यों ने त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन को हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया तथा अशांति पैदा करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने का आग्रह किया। बैठक में सप्‍तमी, अष्‍टमी और नवमी पर गरबा के आयोजनों को प्रतिबंधित करने का सुझाव दिया गया। विसर्जन जुलूसों में डीजे के इस्‍तेमाल पर भी रोक लगाने की मांग सदस्‍यों द्वारा की गई। बड़ी खेरमाई मंदिर और बूढ़ी खेरमाई मंदिर के आस-पास प्रकाश के समुचित इंतेजाम करने का सुझाव भी बैठक में दिया गया। बैठक के माध्‍यम से दुर्गोत्सव समितियों एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजकों से आग्रह किया गया कि भंडारो के आयोजनों के दौरान आम जन जीवन को किसी तरह की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखें।

ग्रामीण क्षेत्रों में नहरों में प्रतिमाओं के विसर्जन पर रोक लगाने का सुझाव सदस्‍यों द्वारा दिया गया। ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शराब के अवैध कारोबार पर सख्‍ती से रोक लगाने की मांग रखी तथा दुर्गोत्‍सव के दौरान शहर के साथ-साथ जिले के ग्रामीण क्षेत्र में भी सुरक्षा की समुचित व्‍यवस्‍थाएं सुनिश्चित करने के सुझाव बैठक में दिये।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्‍याय ने शांति समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि त्यौहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त सुनिश्चित किये जायेंगे। पुलिस अधीक्षक ने बैठक में दिये गये सुझावों पर अमल सुनिश्चित करने थाना स्‍तर एवं एसडीएम स्‍तर पर भी शांति समिति की बैठके बुलाने के निर्देश दिये और इन बैठको में दुर्गा उत्‍सव समितियों के पदाधिकारियों को आमंत्रित करने कहा।

कलेक्‍टर के प्रतिनिधि के तौर पर बैठक में मौजूद संयुक्‍त कलेक्‍टर एवं एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह ने कहा कि शांति समिति के सदस्‍यों से मिले सुझाव पर समुचित कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। बैठक में शांति समिति के सदस्यों में पूर्व विधायक संजय यादव, पूर्व मंत्री कौशल्‍या गोंटिया, मुकेश राठौर, ताहिर खान, शरद काबरा, शरण चौधरी, प्रमोद पटेल एवं पंजाबी हिन्‍दु एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक आयूष गुप्‍ता एवं जितेन्‍द्र सिंह, नगर निगम के अपर आयुक्‍त विद्याधर वाजपेयी, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री सुनील अरोरा, सभी एसडीएम एवं सीएसपी और थाना प्रभारी भी मौजूद थे।

Next Post

सांसद सहित 272 किसानों का पुराना भुगतान अटका, नए उपार्जन की तैयारी शुरू

Wed Sep 17 , 2025
जबलपुर: जिले में आगामी धान उपार्जन को लेकर तैयारी शुरू हो चुकी है, जिसके पंजीयन भी प्रारंभ हो गए हैं। देखा जाए तो अभी तक जिले में विगत वर्ष किसानों द्वारा बेची गई धान का भुगतान नहीं हुआ है और जिला प्रशासन आगामी उपार्जन की तैयारी कर रहा है। जिससे […]

You May Like