
छिंदवाड़ा। नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार अपने संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम के कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं गतिशील बनाने के उद्देश्य से निगम को दो बड़े हैवी वाहनों की सौगात प्राप्त हुई है। महापौर विक्रम अहके द्वारा इन दोनों वाहनों का विधिवत पूजन-अर्चन कर नगर सेवा के लिए समर्पित किया गया। नगर निगम द्वारा लगातार इस बात पर विशेष जोर दिया जा रहा है कि शहर के विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिकों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं को भी और बेहतर बनाया जाए। इसके लिए निगम के मैदानी अमले को आवश्यक आधुनिक एवं उपयोगी संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में निगम के बेड़े में शामिल हुए इन दोनों हैवी वाहनों से विभिन्न आवश्यक कार्यों को गति मिलने के साथ ही जरूरत के समय इनका उपयोग नगरहित में प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। नगर निगम का प्रमुख उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
विकास के साथ संसाधनों को मजबूत करने पर जोर
नगर निगम द्वारा शहर के विकास के साथ-साथ स्वच्छता, जल व्यवस्था, सड़क, नाली, वर्षा जल निकासी, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं से जुड़े कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक संसाधनों में लगातार वृद्धि की जा रही है। निगम के पास आधुनिक एवं सक्षम वाहनों की उपलब्धता से कर्मचारियों एवं अधिकारियों को मैदानी कार्यों में सुविधा मिलेगी तथा विभिन्न कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने में मदद मिलेगी।इन दोनों हैवी वाहनों का उपयोग निगम की आवश्यकता एवं प्राथमिकता के अनुसार किया जाएगा। विशेष परिस्थितियों में इन वाहनों के माध्यम से तत्काल कार्रवाई करने में भी निगम को सहयोग मिलेगा। इससे न केवल निगम की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि नगरवासियों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। वाहनों के पूजन एवं नगर सेवा के लिए समर्पण कार्यक्रम में नगर निगम सभापति चंद्रभान देवरे, संजीव रंगू यादव, मनोज कुशवाहा , माइकल पहाड़े , बंटी उइके, परमार रघुवंशी, बलराम साहू , वरिष्ठ नेता मनोज सक्सेना, अंकित डेहरिया, सिद्धार्थ सिंगारे सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
