छतरपुर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में पुलिस प्रशिक्षण शाला छतरपुर में “यातायात एवं साइबर पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एसपी जैन ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए और सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम में उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग लिंक, बैंक संबंधी फर्जी कॉल, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी प्रोफाइल बनाकर ब्लैकमेलिंग तथा ऑनलाइन गेम्स/ऐप्स के माध्यम से होने वाली ठगी जैसे बढ़ते साइबर अपराधों पर विस्तार से जानकारी दी।
एसपी जैन ने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अपनी निजी व बैंकिंग जानकारी किसी अजनबी के साथ साझा ना करें। उन्होंने छात्रों को साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत करें।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और प्रशिक्षण शाला स्टाफ के अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा मौजूद रहे।
