कुलदीप, अक्षर, वुरुण ने मेहनत की और अच्छा प्रदर्शन किया : सूर्यकुमार

न्यू चंड़ीगढ़ 15 सितंबर (वार्ता) भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ स्पिन तिकड़ी कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने अच्छा प्रदर्शन किया।

रविवार रात पाकिस्तान को सात विकेट से हराने के बाद संवाददाता सम्मेलन में सूर्यकुमार यादव से जब पूछा गया कि क्या भारत की स्पिन तिकड़ी कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें जन्मदिन का सही उपहार दिया है, तो उन्होंने मजाक में कहा, मैंने उन सभी को मिलाकर 12 ओवर दिए, यह मेरी ओर से रिटर्न गिफ्ट था। वे सभी कड़ी मेहनत कर रहे हैं, आप इसे अभ्यास में देख सकते हैं। वे वास्तव में अच्छी तैयारी करना चाहते हैं। एक बार जब आप मैदान पर आते हैं, तो आप देख सकते हैं कि वे कितनी अच्छी तरह तैयार हैं। और वे अपनी योजनाओं को लेकर बहुत स्पष्ट हैं, यही मैं चाहता हूं। जब मैं मैदान पर होता हूं तो इससे मेरा काम बहुत आसान हो जाता है। वे क्षेत्ररक्षण से खुश हैं और जिस छोर से वे गेंदबाजी कर रहे हैं उससे भी खुश हैं। तीनों स्पिनरों को अच्छा प्रदर्शन करते देखना अच्छा है, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह उनका अच्छा साथ दे रहे हैं।”

सूर्यकुमार ने कहा कि स्पिन गेंदबाजी कैसे करनी है और किसे निशाना बनाना है, इस बारे में भारत की योजना अक्सर विरोधी टीम को ध्यान में रखकर बनाई जाती थी। उदाहरण के लिए, रविवार को, फखर जमान जैसे बाएं हाथ के बल्लेबाज के क्रीज पर होने के बावजूद अक्षर को गेंदबाजी कराने का फैसला एक योजना का हिस्सा था, भले ही यह उनके ‘पारंपरिक मैचअप’ के विपरीत था। भारत के गेंदबाज़ी प्रदर्शन का दूसरा पहलू बुमराह का इस्तेमाल करने का तरीका था। जब उन्होंने यूएई के खिलाफ तीन ओवर पहले गेंदबाजी की, तो माना जा रहा था कि यह कदम बड़ी चुनौतियों से पहले स्वयं को थोड़ा और मजबूत बनाने के लिए उठाया गया होगा। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ भी बुमराह का इस्तेमाल इसी तरह किया गया। सूर्यकुमार ने इसे भारत की योजना का हिस्सा बताते हुए कहा कि वे अपने सभी गेंदबाजो को जिम्मेदारी लेने पर मजबूर करना चाहते हैं।

भारतीय कप्तान ने कहा, “आज तक हमने उनसे पावरप्ले में दो ओवर ही कराए हैं, उन्होंने कभी पावरप्ले में तीन ओवर नहीं डाले।” उन्होंने आगे कहा, “हम उन्हें एक आक्रामक विकल्प के रूप में इस्तेमाल करके बहुत खु़श हैं। अगर वह दो विकेट ले लेते हैं, भले ही वह अपने ओवरों का एक सीमित स्पेल ही क्यों न फेंकें, तो बाद में हमें सभी स्पिनरों के लिए एक अच्छा सहारा मिल जाएगा और हमारा काम थोड़ा आसान हो जाएगा। वह इस योजना से बहुत खुश हैं। कुछ दिनों में, अगर उन्हें केवल दो ओवर ही फेंकने पड़े, तो वह सिर्फ दो ओवर ही फेंकेंगे, लेकिन कम से कम मैं और प्रबंधन उन्हें एक आक्रामक विकल्प के रूप में इस्तेमाल करना चाहते हैं। इससे हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों को अंत में और बीच में भी महत्वपूर्ण ओवर फेंकने का एक अच्छा मंच मिलता है। इसलिए हम इससे बहुत खुश हैं।”

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “आप किसी भी टीम के साथ खेलें, दबाव तो होता ही है। अगर दबाव न हो, पेट में कोई घबराहट न हो, तो मैदान पर जाकर उससे उबरने में आपको मजा नहीं आएगा। आंकड़े ऊपर-नीचे होते रहते हैं, लेकिन आप क्या कर सकते हैं। आपको देखना होगा कि आप कैसे बेहतर हो सकते हैं। अगर आज का मैच ठीक नहीं होता, तो कोई बात नहीं, मैं फिर से रणनीति बनाता और अगले मैच में अच्छा प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित करता। मैच खत्म करके अच्छा लगा। उस पल में टिके रहना जरूरी था। बल्लेबाजी क्रम को लेकर, हम प्रबंधन के साथ स्पष्ट हैं। सलामी बल्लेबाजो के अलावा, शेष सभी बल्लेबाज लचीले होंगे, हमें इस तरह से तैयारी करनी होगी कि आप कहीं भी बल्लेबाजी कर सकें। अगर आप सात बल्लेबाजो के साथ खेलते हैं, तो हर किसी के लिए थोड़ा प्रभाव डालना जरूरी है। सभी ने इसे स्वीकार कर लिया है। ”

Next Post

चीन, थाईलैंड संयुक्त वायु सेना प्रशिक्षण करेंगे

Mon Sep 15 , 2025
बीजिंग, 15 सितंबर (वार्ता) चीन और थाईलैंड इस महीने के अंत में संयुक्त वायु सेना प्रशिक्षण आयोजित करेंगे। चीन के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (एमएनडी) ने सोमवार को जानकारी दी कि ये प्रशिक्षण थाईलैंड में आयोजित होगा। एमएनडी वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, चीन इस प्रशिक्षण में भाग लेने […]

You May Like

Play sound