सीहोर। जिले की सीहोर और आष्टा कृषि उपज मंडी में शुक्रवार से नई सोयाबीन की आवक शुरू हो गई. पहली आवक में ही सोयाबीन को 4551 रुपए प्रति क्विंटल के अच्छे दाम मिले. सीहोर मंडी में पीयूष ट्रेडिंग कंपनी ने यह खरीदी की.
इस साल जिले में मानसून की अनियमितता देखी गई. जिले में अब तक 940 एमएम बारिश दर्ज की गई है. यह पिछले साल की इसी अवधि में हुई 1023 एमएम बारिश से कम है. मानसून ब्रेक की स्थिति ने कई किसानों की फसल को प्रभावित किया है. हालांकि कुछ किसानों के लिए यह सीजन फायदेमंद रहा. जिन किसानों ने समय पर बोवनी की और जिनके पास सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था थी, उनकी फसल अच्छी हुई है. पिछले एक महीने से फसल खराब होने की सूचनाएं आ रही थीं और किसान आंदोलन भी कर रहे थे, लेकिन जल्दी बोवनी करने वाले किसानों की फसल अब बाजार में आ गई है. आष्टा कृषि उपज मंडी में भी शुक्रवार को नए सोयाबीन की आवक हुई. इसे व्यापारी द्वारा सीहोर मंडी की अपेक्षा कम भाव में खरीदा गया. बताया जाता है कि व्यापारी द्वारा 4351 रुपए क्विंटल सोयाबीन खरीदा गया है.
