
सैलाना। दाऊदी बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु हिज होलीनेस डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन 15 और 16 सितंबर को सैलाना प्रवास पर पधार रहे हैं। सोमवार दोपहर वे अपने काफिले के साथ नगर में प्रवेश करेंगे। इस दौरान वे समाजजनों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देंगे और उनके घरों में जाकर आत्मीय संवाद भी करेंगे। मुख्य कार्यक्रम में वे अनुयायियों को जीवन मूल्यों, भाईचारे और सद्भावना का संदेश देंगे।
करीब तीन दशक बाद धर्मगुरु के आगमन से नगरवासियों और समाजजनों में भारी उत्साह है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1992 में उनके पिताश्री एवं 52वें धर्मगुरु डॉ. सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन यहां पधारे थे। उस ऐतिहासिक यात्रा की यादें आज भी ताज़ा हैं।
धर्मगुरु के स्वागत को लेकर नगर में भव्य तैयारियां की जा रही हैं। बोहरा समाजजन अपने घरों, मोहल्लों और मस्जिदों को सजा रहे हैं। मुख्य मार्गों पर स्वागत द्वार और तोरणद्वार बनाए जा रहे हैं। समाज का हर वर्ग इस अवसर को गौरव और आनंद का क्षण मान रहा है।
