
मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 सितंबर को गांधी सागर में फॉरेस्ट रिट्रीट कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने गांधी सागर फॉरेस्ट रिट्रीट कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने हेलीपैड स्थल, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, मंच, आमसभा स्थल की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था का विस्तार से अवलोकन किया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करे। स्वच्छता एवं नगर निकाय विभाग कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई एवं चलित शौचालय की व्यवस्था करे। पुलिस विभाग यातायात व्यवस्था, पार्किंग एवं सुरक्षा प्रबंधन को व्यवस्थित रूप से लागू करे। एसडीईआरएफ एवं गोताखोर दल को तैनात करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, जिलाधिकारी सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
