भिंड: गोरमी क्षेत्र के ग्राम मानहड़ के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई कर रहे मासूम बच्चों की नजर अचानक कक्षा में सरकते सांप पर पड़ी तो चीख-पुकार मच गई। शिक्षक बच्चों को बाहर निकालने में जुटे, तभी तलाशी में स्कूल भवन के भीतर दर्जनों अंडे और कई जिंदा सांप मिले। घबराए ग्रामीणों ने 10 सांपों को मौके पर ही मार डाला, जबकि सूचना पर पहुंचे सर्प मित्र जग्गू परिहार ने 11वें सांप और 30 अंडों का रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।
सुबह से ही स्कूल के कमरों में सांप निकल रहे थे लेकिन लोगों को लगा कि केवल एक-दो ही हैं। हालात तब बिगड़े जब ईंटें हटाने पर अंडों का ढेर दिखाई दिया। दहशत में बच्चों की छुट्टी कर दी गई और ग्रामीणों ने डंडों-पत्थरों से हमला कर 10 सांपों को मार गिराया। इसी दौरान प्रकाश ने सर्प मित्र को कॉल कर बुलाया।करीब 35 मिनट तक चले हाई-रेस्क्यू ऑपरेशन में सर्प मित्र जग्गू परिहार ने घोड़ा पछाड़ प्रजाति के सांप को सुरक्षित पकड़ा और 30 अंडों को जंगल के नदी किनारे दबाकर सुरक्षित कर दिया।
