इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 सितंबर को प्रस्तावित मध्यप्रदेश दौरे की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी धार जिले की बदनावर तहसील के ग्राम भैसोला में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ, सेवा पखवाड़े का उद्घाटन तथा देश के पहले पीएम मित्रा पार्क का शिलान्यास करेंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा और कपास उत्पादक क्षेत्रों धार, झाबुआ, उज्जैन, खरगोन और बड़वानी के किसानों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा. पीएम मित्रा पार्क से 1 लाख प्रत्यक्ष और 2 लाख से अधिक अप्रत्यक्ष, यानी कुल 3 लाख रोजगार के अवसर सृजित होंगे.उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गौरवशाली क्षण बताते हुए कहा कि सभी प्रदेशवासी प्रधानमंत्री के आत्मीय स्वागत की तैयारी करें. बैठक में इंदौर संभागायुक्त दीपक सिंह सहित कई अधिकारी प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से जुड़े.
