
रतलाम। कस्तूरबा नगर में अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश यहां से लाखों रूपए नगद और सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना मिलने पर सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया घटना ने स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
वारदात अनाज व्यापारी मनीष सोमानी के यहां हुई। सोमनी का परिवार रविवार से इन्दौर गया हुआ था। मंगलवार सुबह जब पड़ोसियों ने बाहर के चैनल गेट का ताला गायब पाया तो उन्हें फोन कर सूचना दी। इसके बाद सोमानी जब घर पहुंचे तो चोरी की वारदात की जानकारी मिली।
बदमाशों ने घर के रूम में रखी अलमारी को खोलकर उसका सारा सामान बिखेर दिया। सोमानी के अनुसार बदमाश लाकर में रखे डेढ़ लाख रूपए नगद, अलमारी में से बच्चों के 12 हजार और 25 हजार रूपए सहित करीब पौने दो लाख रूपए से अधिक नगद राशि चोरी कर ले गए। बदमाश अलमारी में रखी तीन अंगुठियां भी चोरी कर ले गए। सूचना पर सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया और औद्योगिक क्षेत्र थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सीएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर थाने के पुलिस बल को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध
बदमाशों ने कस्तूरबा नगर के पास स्थित एमबी नगर में भी एक सूने मकान में ताले तोड़े। बदमाश यहां वारदात को अंजाम देते उसके पहले ही किसी को आता देख वह भाग गए। बदमाशों की गतिविधियां यहां पड़ोस में लगे सीसीवीटी कैमरे में कैद हो गई।
