नयी दिल्ली, 29 मई(वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ की पुण्यधरा पुरी से ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ की शुरुआत की।
श्री चौहान ने सुबह ओडिशा के पुरी में श्री जगन्नाथ नाथ धाम में श्री विग्रह के दर्शन किए और पूजा अर्चना की।
इसके बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा,“देश में अन्न के भंडार भरे रहें, किसानों की आय बढ़े, इसके लिए हम गांव-गांव निकल रहे हैं। वैज्ञानिक अब लैब में ही नहीं बैठेंगे, बल्कि लैंड तक भी पहुंचेंगे।”
केंद्रीय मंत्री ने किसानों से 29 मई से 12 जून तक चलने वाले इस अभियान को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ने की अपील की।
