
गुना,कैंट थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर में एक विवाहिता महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतक महिला के परिजन ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं ससुराल पक्ष का दावा है कि विवाहिता ने गृह क्लेश के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
जानकारी सामने आई है कि लक्ष्मीनगर निवासी 25 वर्षीय ज्योति पत्नि दिलीप राठौर की शनिवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ज्योति का मायका पक्ष गुना में ही सकतपुर रोड पर रहता है। मायके लोग आनन-फानन में ज्योति की ससुराल पहुंचे। उन्होंने दावा किया है कि ज्योति का शव जमीन पर रखा हुआ था, उसके गले और शरीर में चोट के कई निशान थे। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को देर रात ही गुना जिला अस्पताल पहुंचा दिया, जहां रविवार सुबह पोस्टमार्टम किया गया है। मृतक ज्योति के पति दिलीप राठौर ने दावा कि ज्योति ने उसके बड़े भाई के बेटे के साथ मारपीट कर दी, जिसकी वजह से उसने ज्योति को डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने फांसी लगा ली है। वहीं ज्योति के पिता प्रदीप राठौर और उसके भाई ने आरोप लगाया कि साल 2023 में विवाह के बाद ही ज्योति के ससुराल से 5 लाख रुपए नगद और मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। आए दिन झगड़ा होता था, वे समझाइश देकर वापस आ जाते थे। लेकिन शनिवार को तो ससुरालियों ने हद कर दी और ज्योति को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।
