
छिंदवाड़ा। जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया। कलेक्टर ने जून्नारदेव ब्लॉक के ग्राम इकलहरा से संबंधित अंत्येष्टि सहायता प्रकरण में 7 माह की देरी को गंभीर मानते हुए संबंधित एडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया, वहीं सचिव की एक वार्षिक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में लंबे समय से लंबित दो मामलों की विशेष समीक्षा की गई। पहला मामला अंत्येष्टि सहायता राशि से जुड़ा था, जिसमें हितग्राही को देरी से भुगतान हुआ। दूसरा मामला बिछुआ ब्लॉक के ग्राम कान्हासागर की हितग्राही श्रीमती कामिनी साहू का था, जिन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ समय पर नहीं मिला। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यदि पोर्टल संबंधी तकनीकी कारणों के अलावा किसी की लापरवाही पाई गई, तो कार्यवाही का प्रस्ताव शासन को भेजा जाए। साथ ही शासन से शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के लिए पत्राचार करने के निर्देश भी दिए।
