
(अवनीश जैन)सागर। संभागीय मुख्यालय सागर को उपनगरीय क्षेत्र मकरोनिया से जोड़ने वाली सिटी लिंक रोड पर एक बार फिर व्हाइट टॉपिंग का काम शुरू होने जा रहा है.
पिछले वर्ष नवंबर-दिसंबर में शासन ने प्रदेश की प्रमुख सड़कों पर व्हाइट टॉपिंग कराने का निर्णय लिया था, जिसमें सागर की सिटी लिंक रोड भी शामिल थी. हालांकि उस समय निर्माण कार्य की गारंटी अवधि जनवरी 2025 तक होने की जानकारी सामने आने पर प्रक्रिया रोक दी गई थी.
गारंटी पीरियड पूरा होने के बाद अगस्त के अंत में लोनिवि सागर परिक्षेत्र द्वारा 8.20 किलोमीटर लंबे मार्ग पर व्हाइट टॉपिंग और विद्युतीकरण कार्य के लिए 1071.25 लाख रुपए की निविदा जारी की गई है. इसकी कार्य अवधि एक वर्ष तय की गई है. इच्छुक ठेकेदार 12 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन खरीद सकते हैं.
ढाई दशक से हो रहा खर्च
जीरो माइल्स से मकरोनिया चौराहे तक की यह सड़क पिछले ढाई दशक में करोड़ों रुपए खर्च कराने के बावजूद टिकाऊ नहीं बन सकी. 2005 में पहली बार लगभग 6-7 लाख रुपए की लागत से डामरीकरण हुआ, इसके बाद कई बार लोनिवि और हाल में स्मार्ट सिटी के तहत निर्माण कार्य कराया गया. हर बार गारंटी अवधि पूरी होने से पहले ही नए कार्य की शुरुआत हो जाती है.
