भारत की दूसरी सर्वश्रेष्ठ टीम करेगी दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम से मुकाबला

नयी दिल्ली, 07 सितम्बर (वार्ता)भारत की 24 सदस्यीय टीम, जिसमें अधिकांश निशानेबाज राष्ट्रीय रैंकिंग में चार से छह के बीच रैंक किए गए हैं, विश्व के शीर्ष निशानेबाजों से मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार है। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी सत्र के चौथे और अंतिम अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) विश्व कप राइफल/पिस्टल चरण की शुरुआत निंगबो, चीन में हो गई है। मंगलवार (09 सितम्बर 2025) से शुरू होकर छह दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 42 देशों के कुल 320 निशानेबाज, 10 स्वर्ण पदकों के लिए निशाना साधेंगे।

निंगबो में चार मौजूदा ओलंपिक चैंपियनों सहित दुनिया के कई शीर्ष निशानेबाज हिस्सा लेंगे, जहां वे नवंबर में काहिरा में होने वाली विश्व चैंपियनशिप से पहले आत्मविश्वास हासिल करने की कोशिश करेंगे। कुछ निशानेबाज दिसंबर में दोहा में होने वाले सीजन के समापन आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल्स के लिए क्वालिफाई करने की उम्मीद में यहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना चाहेंगे।

मंगलवार को 10 मीटर एयर राइफल और एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट्स के फाइनल्स के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत होगी, जिसमें भारत दोनों स्पर्धाओं में नए संयोजनों को मैदान में उतारेगा। ओलंपियन रमिता और दिव्यांश सिंह पंवार, उमामहेश मड्डेनेनी और मेघना सज्जनार के साथ मिलकर मिक्स्ड एयर राइफल स्पर्धा में हिस्सा लेंगे, वहीं एक अन्य ओलंपियन रिधम सांगवान निशांत रावत के साथ मिक्स्ड एयर पिस्टल स्पर्धा में उतरेंगी। मिक्स्ड एयर पिस्टल में भारत की दूसरी जोड़ी के रूप में सुरभी राव और अमित शर्मा भी मैदान में उतरेंगे।

लगभग सभी शीर्ष निशानेबाजी राष्ट्रों ने इस चरण में मजबूत टीमें भेजी हैं, जिनमें मेजबान चीन भी शामिल है। चीन की टीम में ओलंपिक चैंपियन और विश्व रिकॉर्ड धारक शेंग लिहाओ जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं।

स्विट्जरलैंड की कियारा लियोन, जो महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशंस (3पी) में ओलंपिक चैंपियन हैं, और कोरिया की दो महिला पिस्टल ओलंपिक विजेता, ओ येजिन और यांग जीन, भी निंगबो में एक्शन में दिखेंगी।

अन्य शीर्ष देशों जैसे फ्रांस (20), इटली (18), जर्मनी (15), चेकिया (14) और जापान (13) ने भी मजबूत टीमें भेजी हैं। ऑस्ट्रेलिया, ईरान, सर्बिया, स्लोवाकिया, हंगरी, रोमानिया और वियतनाम जैसे देशों के शीर्ष निशानेबाज भी निंगबो चरण को और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक बनाएंगे।

Next Post

गत एक सप्ताह में 107,037 शरणार्थी अफगानिस्तान लौटे

Sun Sep 7 , 2025
काबुल, 07 सितंबर (वार्ता) अफगानिस्तान में पिछले एक सप्ताह में कुल 107,037 अफगान शरणार्थी पड़ोसी देश ईरान और पाकिस्तान से अपने वतन लौटे हैं। अफगानिस्तान के शरणार्थी एवं प्रत्यावर्तन मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय की ओर से जारी एक रिपोर्ट के अनुसार वतन लौटने वाले सभी नागरिकों […]

You May Like